0 1 min 2 hrs

नई दिल्ली

जिस मैच के लिए राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग की तारीफ होनी चाहिए थी, उस मैच के लिए उनकी जमकर आलोचना हो रही है। इतना ही नहीं, रियान पराग को कड़ी सजा बीसीसीआई और भारतीय कानून दे सकता है। मामला कुछ यूं है कि राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग आईपीएल 2026 के मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट के कश लगाते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इस पर अब बवाल मचा हुआ है, लेकिन आप जान लीजिए कि रियान पराग को क्या सजा इस मामले में मिल सकती है।

सबसे पहली बात तो यह है कि भले ही रियान पराग की वैपिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, लेकिन बीसीसीआई किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले मैच के फुटेज की प्रमाणिकता जांचेगी और फिर रियान पराग के साथ-साथ राजस्थान रॉयल्स मैनेजमेंट से भी पूछताछ करेगी। मैच अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। इसके अलावा जो खिलाड़ी इस फ्रेम में नजर आ रहे हैं। उनसे भी पूछताछ की जा सकती है। अगर पाया गया कि रियान पराग ने वाकई में ई-सिगरेट का सेवन ड्रेसिंग रूम में किया है तो उन्हें कड़ी सजा मिलना स्वाभाविक है।

क्या है रियान पराग का वैपिंग का मामला?
दरअसल, आईपीएल 2026 के 40वें मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की टीम जब रन चेज कर रही थी, तो 16वें ओवर के दौरान राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ड्रेसिंग रूम के अंदर वैपिंग करते कैमरे में कैद हुए थे। शुरुआती तस्वीरों को देखकर साफ कहा जा सकता है कि वे ई-सिगरेट से कश लगाते नजर आ रहे थे। अभी तक आईपीएल या राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक बयान इस पर नहीं आया है।

क्या हैं IPL के नियम और सजा?
IPL मैचों के दौरान ड्रेसिंग में रूम नौ स्मोकिंग जोन के अंतर्गत आता है। बीसीसीआई ने तंबाकू से संबंधित सभी उत्पादों को प्रतिबंधित किया हुआ है। ऐसे में ई-सिगरेट यानी वैपिंग करना भी ड्रेसिंग रूम में बैन है। ऐसा करने पर बीसीसीआई खिलाड़ी या अन्य सपोर्ट स्टाफ को फटकार लगा सकती है। मैच फीस का फाइन ठोक सकती है या फिर खिलाड़ी को बैन भी कर सकती है। ये अपराध तय होने के बाद की बात है। अभी तक कोई आधिकारिक फैसला आईपीएल की ओर से नहीं आया है।

क्या कानूनी कार्रवाई होगी?
आपकी जानकारी के लिए बता दें, ई-सिगरेट 2019 से ही भारत में बैन हैं। The Prohibition of Electronic Cigarettes Act (PECA), 2019 एक्ट के अनुसार ई-सिगरेट बनाना, बेचना, रखना और यहां इसका उपयोग करना भी प्रतिबंधित है। इसके लिए भारतीय कानून में सजा का भी प्रावधान है। पहली बार इसका उल्लंघन करने पर एक साल तक की सजा या एक लाख तक का फाइन लग सकता है। दोनों सजा भी दी जा सकती हैं। बार-बार यह अपराध करने पर 3 साल की जेल और 5 लाख रुपये तक का जुर्माना मुकर्रर किया गया है। यहां तक कि ई-सिगरेट रखने पर भी सजा मिल सकती है।

क्या पहले भी हुआ है IPL में ऐसा मामला?
आईपीएल में पहली बार इस तरह की हरकत किसी खिलाड़ी ने की है। आईपीएल में स्मोकिंग को लेकर सख्त नियम हैं। ड्रेसिंग रूम और डगआउट में वैपिंग की अनुमति नहीं है। पहली बार ऐसा मामला सामने आया है। इस पर बीसीसीआई ऐक्शन इस वजह से भी ले सकती है कि आगे ऐसी कोई हरकत खिलाड़ी न करे। हालांकि, इसी सीजन राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। उन पर फाइन लगाया गया था।

क्यों उछल रहा है ये मामला?
रियान पराग का वैपिंग करने का मामला इसलिए भी तूल पकड़ रहा है, क्योंकि रियान पराग की व्यक्तिगत फॉर्म इस सीजन बहुत खराब रही है। 117 रन ही वे इस सीजन अब तक खेले गए 9 मैचों में बना पाए हैं। स्ट्राइक रेट भी उनका 125 से कम का है। क्लिप के वायरल होने पर अब आईपीएल और राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी पर भी दबाव होगा, क्योंकि फैंस के प्रति वही जवाबदेह हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *